rahbar.ir

आयतुल्लाह मुज्तबा ख़ामेनेई के फ़रमान सेः

हुज्जतुल इस्लाम वलमुस्लेमीन हुसैन ताएब, स्वयंसेवी बल बसीज के प्रमुख नियुक्त

सुप्रीम कमांडर आयतुल्लाह सैयद मुज्तबा हुसैनी ख़ामेनेई ने एक फ़रमान के ज़रिए हुज्जतुल इस्लाम वलमुस्लेमीन हुसैन ताएब को आईआरजीसी की स्वयंसेवी फ़ोर्स बसीज मुस्तज़अफ़ीन के प्रमुख के ओहदे के लिए नियुक्त किया।

सुप्रीम कमांडर का फ़रमान इस प्रकार हैः

बिस्मिल्लाह अर्रहमान अर्रहीम

हुज्जतुल इस्लाम वलमुस्लेमीन हुसैन ताएब

ज़ायोनी-अमरीकी दुश्मन के हाथों मेजर जनरल ग़ुलाम रज़ा सुलैमानी की गौरवशाली और सम्मानीय शहादत के मद्देनज़र और आपकी फ़र्ज़ शेनासी योग्यता और क़ीमती तजुर्बों को देखते हुए, साथ ही आईआरजीसी के कमांडर इन चीफ़ के सुझाव पर मैं आपको आईआरजीसी के बसीज मुस्तज़अफ़ीन संगठन के प्रमुख के ओहदे के लिए नियुक्त करता हूं। 

मुल्क के नए तक़ाज़ों और हालात को मद्देनज़र रखते हुए, आईआरजीसी के कमांडर इन चीफ़ के उपायों पर ध्यान देते हुए निम्नलिखित मामलों को व्यावहारिक बनाए जाने की अपेक्षा हैः

1 "हर ईरानी, एक बसीजी" के नारे को व्यावहारिक बनाने की ग़रज़ से मिशन के लिए नियुक्त (मबऊस) अवाम की तमाम सलाहियतों और दसियों लाख बलिदानियों को एक मज़बूत और अखंड तथा इस्लामी इंक़ेलाब की रक्षा के लिए उपयोग में लाते हुए, बसीज और रेज़िस्टेंस की संस्कृति को ज़्यादा से ज़्यादा मज़बूत और विकसित करना। 

2 अवाम के स्तर पर सूचना के नेटवर्क को मज़बूत बनाना, अंतर्दृष्टि में वृद्धि के साथ ज़रूरी महारतों और ट्रेनिंग को बढ़ावा देना और दुश्मन के ख़तरों का अवाम के आधार पर मुक़ाबला करने के लिए नई टेक्नालोजियों का उपयोग करना। 

3 दूसरे सरकारी और पब्लिक विभागों और संगठनों के साथ रचनात्मक और प्रभावी सहयोग और मस्जिद को ध्रुव बनाकर प्रभावी सामाजिक सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए जेहादी गिरोहों, मुख़्तलिफ़ वर्गों और मोहल्लों की बसीज फ़ोर्सेज़ में विस्तार।

4 ज़ायोनी-अमरीकी साम्राज्यवाद के मुक़ाबले में पूरी दुनिया में अवामी स्तर पर रेज़िस्टेंस और दृढ़ता के नमूने के तौर पर स्वयंसेवी संस्कृति को बढ़ावा देना।

उम्मीद है कि हमारे आक़ा इमाम महदी (अल्लाह उन्हें जल्द ज़ाहिर करे) की कृपाएं और दुआएं आप और तमाम अज़ीज़ स्वयंसेवियों की ज़्यादा से ज़्यादा सफलताओं का सबब बनेंगी। 

सैयद मुज्तबा हुसैनी ख़ामेनेई