
इस्लामी क्रांति के नेता आयतुल्लाह सैयद मुज्तबा हुसैनी ख़ामेनेई ने विज्ञान और खेल के क्षेत्रों में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल करने वाले विशिष्ट प्रतिभावानों तथा पदक विजेताओं के नाम अपने संदेश में देश के भीतर आशा, प्रगति, उत्साह और जीवंतता को बढ़ावा देने में प्रतिभाशाली युवा एवं किशोर वर्ग और सम्मान अर्जित करने वाले लोगों की असाधारण भूमिका की ओर संकेत किया। उन्होंने कहा कि ईरान को हर दृष्टि से अधिक शक्तिशाली बनाने की कुंजी असाधारण प्रतिभा से संपन्न व्यक्तियों द्वारा वैज्ञानिक सीमाओं को पार करना है।
उन्होंने इस बात पर बल दिया कि “अल-इल्मु सुल्तान” अर्थात “ज्ञान ही शक्ति है” के महान रणनीतिक सिद्धांत के अनुरूप देश के विकास के लिए एक व्यापक और तीव्र वैज्ञानिक अभियान आवश्यक है। अधिकारियों का दायित्व है कि वे वैज्ञानिक प्रगति के लिए आवश्यक बुनियादी ढाँचा और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ असाधारण प्रतिभा वाले व्यक्तियों की व्यक्तिगत क्षमताओं तथा सामूहिक विवेक का भी अधिकतम उपयोग करें।
इस्लामी क्रांति के नेता का यह संदेश सोमवार 26 अक्तूबर 2026 की रात विज्ञान और खेल के क्षेत्रों में पदक जीतने वालों के सम्मान में आयोजित समारोह में हुज्जतुल-इस्लाम वल-मुस्लिमीन हाज अली अकबरी ने पढ़कर सुनाया।
संदेश इस प्रकार है:
बिस्मिल्लाह अर्रहमान अर्रहीम
एक रवायत के अनुसार, इन दिनों सैय्यद-ए-निसा-ए-आलमीन, हज़रत सिद्दीक़ा ताहिरा, फ़ातिमा ज़हरा (सलामुल्लाह अलैहा) की शहादत के दिन हैं। यह कितनी आश्चर्यजनक बात है कि उनकी शहादत का समय अज्ञात है, ठीक उसी प्रकार जैसे इस इलाही नूर के दफ़न का गौरवशाली स्थान भी गुप्त है। उनका उच्च एवं महान मरतबा भी ऐसा है, जो अज्ञात और मानवीय समझ से परे है।
वे इबादत, बंदगी और अल्लाह की इबादत में एक आदर्श व्यक्तित्व थीं। वो पैग़म्बर-ए-अकरम (सल्लल्लाहु अलैहि व आलेहि वसल्लम) के साथ विशेष और सर्वआयामी सहयोग तथा अमीरुल-मोमिनीन (अलैहिस्सलाम) की विलायत के पूर्ण निष्ठा से बचाव, ज्ञान की प्राप्ति और शिक्षा, समय की पहचान, सत्य के समर्थन में उठ खड़े होने, दृढ़ता तथा सत्य को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करने की सर्वोच्च उदाहरण थीं।
इसी प्रकार, धैर्य, त्याग, बलिदान, निःस्वार्थ सेवा तथा समाज में सहानुभूति और दूसरों के दुख-दर्द में सहभागी होने के मामले में भी वे सर्वोच्च आदर्श थीं। पत्नी और माता की भूमिका और संतान के पालन-पोषण एवं चरित्र-निर्माण में भी वे एक आदर्श थीं। उन्होंने उन इमामों की पीढ़ी के पालन-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जो समस्त मानवता के मार्गदर्शक हैं।
प्रयास, संघर्ष, जिहाद, पवित्रता, शालीनता, परहेज़गारी, प्रकाशमय व्यक्तित्व, आध्यात्मिकता और नैतिक उत्कृष्टता—इन सभी गुणों में भी वे अनुकरणीय थीं। संक्षेप में, वे सभी ईमान वाले पुरुषों और महिलाओं के लिए आदर्श हैं।
फ़ातिमी समाज की प्रमुख विशेषताओं में से एक यह है कि वह क्रांतिकारी और मुस्लिम ईरानी राष्ट्र के लिए एक स्पष्ट मार्गदर्शिक प्रस्तुत करता है। यह मार्गदर्शिक बड़े सामाजिक आंदोलनों, विभिन्न संघर्षक्षेत्रों और जिहाद के मोर्चों में भागीदारी, जन-आंदोलनों तथा यहाँ तक कि वैज्ञानिक प्रगति के क्षेत्र में भी दृढ़ संकल्प और विनम्रता एवं निःस्वार्थ भाव से सेवा करने की प्रेरणा देती है।
हमारा प्रिय ईरान आज संकल्प और आशा का प्रतीक है। इस आशा को साकार करने, प्रगति की राह पर आगे बढ़ने और उज्ज्वल भविष्य की ओर कदम बढ़ाने में प्रतिभाशाली ईरानी युवाओं की भूमिका अद्वितीय है।
हालाँकि, असाधारण प्रतिभा का दायरा केवल विज्ञान, प्रौद्योगिकी, खेल या विभिन्न कौशलों तक सीमित नहीं है। प्रत्येक सकारात्मक और वांछनीय विशिष्टता किसी व्यक्ति को असाधारण बना सकती है।
इन दिनों हम इस धरती के ऐसे उत्कृष्ट लोगों की महानता का साक्षात् उदाहरण देख रहे हैं, जो अपने देश के पवित्र ध्वज को ऊँचा उठाने के लिए व्यापक दृष्टिकोण और उच्च लक्ष्यों को सामने रखकर संघर्ष कर रहे हैं। ये दूरदर्शिता और जिहाद के क्षेत्र के विशिष्ट व्यक्तित्व हैं।
हम रीज़अली ख़ाजवी और अली लिंदी जैसे व्यक्तियों को ऐसी असाधारण हस्तियाँ मानते हैं, जिनके नाम सांस्कृतिक स्थलों के प्रवेशद्वारों पर अंकित किए जाने चाहिए।
इसी प्रकार के समाज के उज्ज्वल सितारे वे शहीद और बलिदानी योद्धा हैं, जिन्होंने अपने शरीर और प्राणों का बलिदान देकर इस्लामी गणराज्य ईरान तथा उसकी प्रिय जनता के भविष्य पर असाधारण प्रभाव डाला। उन्होंने अपने अनन्य अल्लाह की बंदगी का सर्वोच्च पदक प्राप्त किया।
सबसे पहले इस मौक़े को ग़नीमत समझते हुए ऐस्ट्रोनामी, ऐस्ट्रोफ़िज़िक्स, गणित, भूविज्ञान, भुगोल, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, कंप्यूपटर, एआई और बेसिक साइंसेज़ के ओलंपियाड में अनेक मेडल और वैज्ञानिक सम्मान हासिल करने और इसी तरह स्पोर्ट्स में हालिया अनेक सफलताओं पर अपने मुल्क के तमाम अज़ीज़ अवाम और कामयाबी हासिल करने वाले एक एक शख़्स को मुबारकबाद पेश करता हूं। गौरव और उम्मीद के कारवां को आगे बढ़ाने वाले और मुल्क की तरक़्क़ी के ध्वजवाहकों के इरादे व संकल्प प्रशंसनीय व क़द्रदानी के योग्य हैं, चाहे वो कम उम्र हों या नौजवान, कोच हों या उस्ताद और विद्वान मुल्क में बदलाव लाने के लिए एलीट्स वर्ग की उम्मीद और जज़्बा एक भड़कता हुआ शोला है जिसे मैं पिछले बरसों और कुछ दशकों से निकट और दूर से देखता रहा हूं। मुल्क में एलीट वर्ग और वैज्ञानिक आंदोलन की विशाल तरक़्क़ी और उसके प्रतीक के रूप में वैज्ञानिक क्षेत्रों, ओलंपियाडों और स्पोर्टस में बार बार, लगातार और हर साल हासिल होने वाली चैंपियनशिप, पूरी ईरानी क़ौम के लिए क़ाबिले फ़ख़्र और ख़ुशी का सबब है।
हालिया दिनों और महीनों में मुख़्तलिफ़ स्पोर्ट्स में हमारे परिश्रमी खिलाड़ियों की नुमायां पोज़ीशन और नए रेकॉर्ड क़ायम करना उनकी कोशिश, साहस, इरादे और ईमान को चित्रित करता है। वह खिलाड़ी जो अपनी शारीरिक, आत्मिक नैतिक और ईमानी ताक़त और लगातार मेहनत से तमाम क़ौमों की निगाहों के सामने अज़ीज़ ईरान की ताक़त में इज़ाफ़ा करते हैं और पूरी दुनिया को ईरानी क़ौम की ज़िंदादिली दिखाते हैं, वो महिला खिलाड़ी जो ईरानी महिलाओं के सम्मानीय लेबास की नमूने को दुनिया में उजागर करती हैं और वो खेलों में मेडल जीतने वाले जो ईरानी क़ौम के दिलों में ख़ुशी और जोश पैदा करते और इस्लामी गणराज्य ईरान के सरबुलंद परचम को सम्मान दिलाते हैं, उनमें से हर एक अपने हिस्से के मुताबिक़ एक ताक़तवर ईरान की कल्पना को अर्थपूर्ण बनाने में शरीक व प्रभावी है।
चूंकि इन दिनों यूनिवर्सिटियों, मदरसों और स्कूलों में ख़ुशी और इल्म व रिसर्च पर ध्यान देने के दिन हैं, इसलिए मैं मुनासिब समझता हूं कि इल्म का शौक़ रखने वालों, एलीट वर्ग के लोगों और अपने अज़ीज़ ईरान के विद्वानों से इस विषय पर संक्षेप में बात करूं।
असाधारण सलाहियत अल्लाह की एक नेमत और तोहफ़ा है, जिसकी मुख्य बुनियाद क्षमता और विवेक है। ईरानी क़ौम ख़ास तौर पर हमारे मुल्क के नौजवान, अल्लाह की ओर से मिलने वाली इस अज़ीम नेमत व संपत्ति से मालामाल हैं। बुद्धि और बंदगी का तक़ाज़ा यह है कि इंसान अल्लाह की नेमत का शुक्र बेहतरीन तरीक़े से अदा करे। अगर शुक्र तन, मन और ज़बान के मर्तबों के साथ अदा किया जाए तो उस नेमत के कमाल तक पहुंचने का रास्ता समतल हो जाता है। एलीट वर्ग की नेमत की क़द्रदानी सबसे पहले ख़ुद उस एलीट वर्ग को करनी चाहिए, फिर उसके आस पास के माहौल में, माँ बाप, घर वाले, उस्ताद, स्कूल, यूनिवर्सिटी और मुल्क के सिस्टम के स्तर पर भी उसकी क़द्रदानी होनी चाहिए ताकि उस क्षमता को बढ़ाया जाए और सही तौर पर इस्तेमाल किया जा सके। इसी व्यवहारिक रूप से शुक्र अदा करने के लेहाज़ से एलीट वर्ग के शख़्स की ज़िम्मेदारी ज़्यादा बड़ी है। उचित है कि वह अपनी सलाहियत को मज़बूत करने और उसे बढ़ाने के अलावा उसे बेहतरीन तरीक़े से मुल्क और समाज के मसलों को हल करने के लिए उपयोग करे।
मेधावी शख़्स वह नहीं है जो असाधारण सलाहियत व दिमाग़ से संपन्न होने की बिना पर ख़ुद को दूसरों से अलग समझते हुए सिर्फ़ अस्थायी और व्यक्तिगत इच्छाओं के बारे में सोचे। असाधारण प्रतिभा से संपन्न शख़्स वह है जो अपनी सलाहियत के विकास के लिए फ़िक्रमंद हो, ख़ुद को समाज का एक प्रभावी तत्व समझे और अपनी सलाहियत और क्षमता को अपनी और अपने समाज की तरक़्क़ी के लिए एक साथ इस्तेमाल करे। ईरान के असाधारण सलाहियत रखने वालों ने दिखा दिया कि इल्म और सलाहियत को अवाम और मुल्क के अस्ल मुद्दों को हल करने का साधन बनाया जा सकता है। स्टेम सेल्ज़, नैनो टेक्नॉलोजी, बायो टेक्नॉलोजी से लेकर स्पेस टेक्नॉलोजी, उद्योग, खदान, मेडिकल, कृषि, परमाणु ऊर्जा और मूल ढांचे तक, वो अपने इल्म और सलाहियत को व्यावहारिक रूप देने के लिए प्रयासरत रहे हैं। हम सब दैनिक जीवन में लगातार आगे बढ़ते हुए इस आंदोलन के प्रभाव व असर देखते हैं। बिजली घरों में ईरानी टर्बाइनों से बिजली की पैदावार, दक्षिणी द्वीपों में नॉलेज बेस्ड टेक्नॉलोजी से समुद्र के पानी को पीने योग्य बनाने के प्लाटंस, उत्तरी इलाक़ों के खेतों, बाग़ों और धान के खेतों पर कृषि ड्रोन्ज़ की उड़ान के ज़रिए कृषि कार्यों और पानी तथा ज़मीन के इस्तेमाल को बेहतर बनाना, रोयान इंस्टीट्यूट की नई टेक्नॉलोजीज़ के ज़रिए बांझपन के शिकार परिवारों में बच्चों की पैदाइश, रेडियो आइसोटोप से जटिल बीमारियों की पहचान और इलाज, रिमोट सेंसिग सैटलाइट से ज़मीन पानी और पैदावार की निगरानी और वैज्ञानिक व तकनीकी ईजादों के ज़रिए उत्पादन की सलाहियत और खाद्य सुरक्षा में वृद्धि, इस अज़ीम बर्कतों वाले समूह की कुछ उल्लेखनीय मिसालें हैं। इसके अलावा भी बहुत सी मिसालें हैं, ख़ास तौर पर रक्षा और सैन्य क्षेत्रों में, जिससे थोड़े थोड़े समय पर दुनिया हैरत में पड़ गयी और आगे भी ऐसा ही होगा।
एक ताक़तवर ईरान विज्ञान और टेक्नॉलोजी के क्षेत्र में ताक़त की बुनियाद पर क़ायम है और यह ऐक्सिस नए वर्ल्ड ऑर्डर और संतुलन में ईरान के किरदार के सबसे अहम तत्वों में से एक है। इसलिए ईरान को हर तरह से ज़्यादा से ज़्यादा ताक़तवर बनाने की कुंजी यह है कि असाधारण सलाहियत वाले लोग विज्ञान की नई सीमाओं को पार करें और मुल्क में वैज्ञानिक मसलों के हल ढूंढें। इस्लामी गणराज्य ईरान के ख़िलाफ़ दुश्मनों की दुष्टता और अपराध, ख़ास तौर पर वैज्ञानिकों और एलीट वर्ग को निशाना बनाना, मुल्क की ताक़त में उनके प्रभावी रोल को स्पष्ट करता है। वो दुश्मन जो हमरी क़ौम के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों और प्रभावी हस्तियों को दूसरी और तीसरी थोपी गयी जंगों में और इससे कई साल पहले भी वैज्ञानिक सेंटरों और उनके सामान्य जीवन में क़त्ल करता है, वह ईरान की तरक़्क़ी और ताक़त को बर्दाश्त नहीं कर सकता। वह अज़ीज़ ईरान के असाधारण प्रतिभा वाले वर्ग को कमज़ोर करने के लिए अपने तमाम संसाधन और हथकंडे इस्तेमाल करता है, मायूसी फैलाने, मनोबल तोड़ने से लेकर उनके मन और आत्मा को कंट्रोल करने, नए साम्राज्यवादी सिस्टम में निगल लिए जाने और उन्हें पश्चिम के लूटमार और पूंजीवादी सिस्टम की मशीन का पुर्ज़ा बनाने तक। वो इस सच्चाई से अनभिज्ञ है कि इस क़ौम के असाधारण सलाहियत वाले शहीद, वैज्ञानिक, शिक्षक, स्टूडेंट्स और स्कूल के बच्चों के ख़ून का एक एक क़तरा, इरादे और तरक़्क़ी के मैदान में हलचल मचा चुका है और ऐसा करता रहेगा।
ईरानी राष्ट्र को अपनी प्राचीन सभ्यता, विज्ञान एवं कला के विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों और विश्व के विख्यात विचारकों तथा वैज्ञानिकों की उपस्थिति के साथ-साथ क़ाजार और पहलवी शासनकाल के लगभग दो शताब्दियों तक चले भीषण पिछड़ेपन, ऐतिहासिक निष्क्रियता और ठहराव का भी इल्म है।
यह राष्ट्र “अल-इल्मु सुल्तान” अर्थात “ज्ञान ही शक्ति है” के सफल और महान सिद्धांत, पश्चिम के वैज्ञानिक वर्चस्व को स्वीकार न करने तथा पिछले तीन दशकों में असाधारण प्रतिभा से संपन्न व्यक्तियों द्वारा विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में की गई तीव्र प्रगति के परिणामों का मूल्य समझता है। इस प्रगति का एक उल्लेखनीय हिस्सा हमारे महान और शहीद नेता की, उनकी पाकीज़ा रूह पर अल्लाह की रहमतें नाज़िल हों, विशेष दूरदर्शिता, उपायों और मार्गदर्शन का परिणाम है।
यदि वर्तमान परिस्थितियों और दूसरे और तीसरे थोपे गए युद्ध से पहले ही नई वैज्ञानिक क्रांति असाधारण प्रतिभा वाले व्यक्तियों के लिए एक आवश्यक और अनिवार्य संदेश थी, तो हाल के दो युद्धों के अनुभव ने सबके सामने यह स्पष्ट कर दिया है कि इस नई वैज्ञानिक क्रांति को और अधिक गहन तथा तीव्र बनाना चाहिए। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए वैज्ञानिक, अनुसंधान एवं तकनीकी संस्थानों और केंद्रों के अधिकारियों के अतिरिक्त, प्रिय ईरान के सभी प्रतिभाशाली व्यक्तियों और विद्वानों को इस्लामी गणराज्य ईरान के गौरवशाली भविष्य के निर्माण, विकास और समृद्धि के अपने मूल दायित्व पर ध्यान केंद्रित करते हुए निम्नलिखित बिंदुओं को ध्यान में रखना चाहिए।
प्रथम: देश में बेसिक साइंसेज़ और मानविकी के विकास के लिए गंभीर, व्यवहारिक और सटीक योजना होनी चाहिए। भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित जैसी बेसिक साइंसेज़ की प्रगति अन्य विज्ञानों और अपलाइड टेक्नालोजियों की मूल नींव है। इसलिए इन क्षेत्रों का विकास देश की वैज्ञानिक एवं तकनीकी उन्नति को गति प्रदान करता है। जो भी राष्ट्र आज किसी ऊँचे मक़ाम तक पहुँचा है, उसने आधारभूत विज्ञानों के माध्यम से ही यह उपलब्धि हासिल की है। इन विज्ञानों की प्रगति के बिना कोई भी देश निरंतर पिछड़ता रहेगा।
दूसरे: अज्ञात तथ्यों की खोज, बेसिक साइंसेज़ में स्थापित सीमाओं से आगे बढ़ जाने और इन क्षेत्रों में निरंतर प्रयास को एक स्पष्ट उद्देश्य एवं लक्ष्य के रूप में अपनाया जाना चाहिए। विशेष रूप से गणित की उन प्रसिद्ध समस्याओं को हल करने के लिए सतत प्रयास आवश्यक हैं, जो अब तक अनसुलझी हैं।
तीसरे: वैज्ञानिक क्रांति में रचनात्मकता और नवाचार की केंद्रीय भूमिका है। रचनात्मक क्षमता और सकारात्मक कल्पनाशीलता को प्रोत्साहित करना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यही सभी या अधिकांश वैज्ञानिक क्षेत्रों में प्रगति और नए मार्ग खोलने का मूल आधार है। इसी प्रकार वैज्ञानिक साहस, आविष्कार, सृजन, नवाचार तथा नए और पहले कभी न आज़माए गए रास्तों पर चलने के लिए व्यक्तिगत एवं राष्ट्रीय आत्मविश्वास को बढ़ाना अत्यंत आवश्यक और मुफ़ीद है। जो भी व्यक्ति प्रभावशाली रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन कर सके, उसके लिए उचित और आकर्षक पुरस्कार निर्धारित करना इस उद्देश्य के अनुकूल वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
चौथे: वैज्ञानिक समस्याओं के समाधान में आत्मनिर्भरता प्राप्त करना, आवश्यक बुनियादी ढाँचा उपलब्ध कराना और देश की सीमाओं से बाहर भी प्रभावी भूमिका निभाने के लिए तकनीकी बाधाओं को दूर करना, ये सभी क़दम आंतरिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा वैश्विक स्तर पर नए क्षितिज खोलने का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
पांचवें: व्यावहारिक और प्रयोगात्मक क्षेत्रों में असाधारण प्रतिभा रखने वाले व्यक्तियों की क्षमताओं को अवसर प्रदान करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से विद्यार्थियों के प्रारंभिक वर्षों से ही उद्योग और विश्वविद्यालय के बीच संपर्क स्थापित करना तथा ज्ञान एवं विज्ञान पर आधारित व्यवसायों को सुगम बनाना, वैज्ञानिक ज्ञान के व्यवहारिक उपयोग और प्रतिभाशाली व्यक्तियों की उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
देश की वैज्ञानिक एवं तकनीकी क्षमताओं को एक साझा दिशा में समन्वित करना, प्रतिभाशाली व्यक्तियों और वैज्ञानिक एवं अनुसंधान केंद्रों के संबंधों को नालेज बेस्ड कंपनियों, उद्योगों और यहाँ तक कि नई व्यावसायिक युनिटों के साथ मज़बूत बनाना तथा प्रशासनिक संस्थानों द्वारा ज्ञान से लेकर अंतिम उपभोक्ता तक की पूरी प्रक्रिया को समर्थन देना, ये सभी उपाय अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
इन प्रयासों के माध्यम से आज और कल की प्रमुख चुनौतियों, जैसे जल, भूमि, खाद्य, ऊर्जा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्रों में, शिक्षकों और विद्यार्थियों के कार्यों को विश्वविद्यालयों एवं अनुसंधान केंद्रों की प्रयोगशालाओं से निकालकर कार्यशालाओं और कारख़ानों तक पहुँचाया जा सकता है।
तीव्र विकास तभी संभव है, जब आर्थिक हितों तथा उत्पादों एवं सेवाओं के लिए बाज़ार की आवश्यकताओं का संबंध प्रतिभाशाली व्यक्तियों के उत्साह और संकल्प से स्थापित हो जाए। इसके साथ ही, शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थानों का उद्योग जगत और उपभोक्ता बाज़ार के साथ स्थायी तथा निरंतर संपर्क भी सुनिश्चित होना चाहिए।
इसी प्रकार विश्वविद्यालयों और धार्मिक शिक्षण संस्थानों के वैचारिक एवं व्यावहारिक क्षेत्रों में विशिष्ट प्रतिभा रखने वाले व्यक्तियों की योजना-निर्माण और नीति-निर्धारण के स्तर पर प्रत्यक्ष एवं प्रभावी भागीदारी देश की प्रगति में अत्यंत सहायक सिद्ध हो सकती है। अधिकारियों का दायित्व है कि वे कर्तव्यनिष्ठ प्रतिभाशाली व्यक्तियों की व्यक्तिगत क्षमताओं, विवेकशीलता और सामूहिक बुद्धिमत्ता का भरपूर लाभ उठाएँ।
यदि इस मार्ग पर सही ढंग से आगे बढ़ा गया, तो ज्ञान के केंद्र और विशेष रूप से कुछ बेसिक साइंसेज़ के प्रमुख केंद्र धीरे-धीरे पश्चिमी देशों से ईरान स्थानांतरित हो जाएँगे। कुछ ही वर्षों में ईरान विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक प्रमुख वैश्विक रेफ़रेंस-केंद्र बन जाएगा।
इस प्रकार हमारे विद्वान और शहीद नेता द्वारा निर्धारित यह लक्ष्य भी पूरा होगा कि फ़ारसी भाषा विश्व की प्रमुख वैज्ञानिक एवं ज्ञान-विज्ञान की भाषाओं में से एक बन जाए।
इंशाअल्लाह! असाधारण विद्वानों और वैज्ञानिक हस्तियों की शहादतों के पवित्र रक्त की बरकत तथा हमारे स्वामी और मौला, इमाम ज़माना (अज्जलल्लाहु फ़रजहुश्शरीफ़) की शुभकामनाओं और कृपा से, देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों एवं विद्वानों की गहन और तीव्र वैज्ञानिक क्रांति तथा हर दृष्टि से अधिक शक्तिशाली ईरान की बहुआयामी प्रगति साकार होगी। इस प्रकार एक नई इस्लामी-ईरानी सभ्यता तक पहुँचना भी व्यावहारिक रूप से संभव हो जाएगा।
सैयद मुज्तबा हुसैनी ख़ामेनेई
26 अक्तूबर 2026