
तेहरान में अमरीका के जासूसी के अड्डे या अमरीकी दूतावास पर ईरानी स्टूडेंट्स के क़ब्ज़े के वाक़ए के बारे में लिखी गयी किताब Roosevelt Street Station के लेखक जनाब मोहम्मद महबूबी से Khamenei.ir ने बातचीत की। इस इंटरव्यू के कुछ अहम बिन्दु पेश हैं।
सवालः जासूसी के अड्डे के वाक़ए के बारे में आपका नरेटिव, इस वाक़ए के देशी व विदेशी नरेटिव से किस तरह भिन्न है?
जवाबः ईरान और अमरीका के संबंधों के बारे में, ख़ास तौर पर नवम्बर 1979 में अमरीकी दूतावास पर क़ब्ज़े के बाद होने वाले शोध में अनेक नरेटिव सामने आते हैं। फिर अगर उन सबकी आम दर्जेबंदी की जाए तो दो मूल नरेटिव पेश किए जा सकते हैः एक अमरीकी नरेटिव और दूसरा ईरानी नरेटिव। अमरीकी और ईरानी नरेटिव से मुराद यह नहीं है कि उनके लेखक, शोधकर्ता और नरेटर अमरीकी या ईरानी हैं या उन्होंने अमरीकी या ईरानी सूत्र और दस्तावेज़ इस्तेमाल किए हैं, बल्कि उससे मुराद यह है कि नरेटिव का दृष्टिकोण अमरीकी सरकार की तरफ़ झुकाव रखता है या ईरानी समाज की तरफ़। अमरीकी नरेटिव, इस विषय को "अमरीकी सरकार के दृष्टिकोण" और ईरान में उसके हितों की रौशनी में देखता है और जैसा कि हम जानते हैं, ईरान में अमरीकी सरकार के हित, दूतावास पर क़ब्ज़ा करने के वक़्त से लेकर आज तक ख़त्म हो चुके हैं या कम से कम बुरी तरह कमज़ोर पड़ गए हैं। इसके विपरीत ईरानी नरेटिव, जो "ईरानी समाज के दृष्टिकोण" को चित्रित करता है, अमरीकी दूतावास पर क़ब्ज़े को इंक़ेलाब के बाद ईरान की आज़ादी की गैरंटी और अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा का साधन समझता है।
ईरानी समाज अपने मौजूदा इतिहास के दौरान हमेशा यह देखता आया था कि ईरान के राष्ट्रीय हितों को विदेशी ताक़तों के हितों के मुक़ाबले में कम प्राथमिकता दी जाती है। दूसरे विश्व युद्ध से पहले ईरान में हमेशा ब्रिटेन और रूस के हितों को ईरान के राष्ट्रीय हितों पर प्राथमिकता हासिल रही, जिसके नतीजे में तेल, सड़कों का निर्माण, टेलीग्राफ़ लाइनों, मत्स्य उद्योग और दूसरे विभागों में बेजा कंसेशन और एकाधिकार दिए गए। विदेशी ताक़तों के हितों को ईरान के राष्ट्रीय हितों पर प्राथमिकता देने का सबसे अहम नतीजा दोनों विश्व युद्धों में मुल्क पर क़ब्ज़ा था। ईरान ने अगरचे दोनों जंगों में निष्पक्षता का एलान किया लेकिन रूस और ब्रिटेन ने जंग में अपने हितों की रक्षा के लिए ईरान पर क़ब्ज़ा कर लिया। दूसरे विश्व युद्ध के बाद, यूरोपीय ताक़तों के कमज़ोर होने के साथ ही अमरीकियों ने धीरे-धीरे ईरान में ज़्यादा प्रभाव हासिल कर लिया और अतीत की तरह ईरान में अमरीका के हितों को ईरानी अवाम के राष्ट्रीय हितों पर प्राथमिकता दी जाने लगी। इसकी सबसे अहम मिसाल सन 1953 का वह विद्रोह था जो डॉक्टर मुसद्दिक़ के नेतृत्व में चलने वाले राष्ट्रीय अभियान के ख़िलाफ़ किया गया। 1950 के दशक में तेल उद्योग के राष्ट्रीयकरण का क़दम ईरान के राष्ट्रीय हितों की रक्षा का सबसे बड़ा प्रतीक था लेकिन अमरीका और ब्रिटेन के हितों का तक़ाज़ा था कि वो ईरानियों को ऐसा करने की इजाज़त न दें। यह वह विषय है जिसे बहुत से आंदोलनों में नज़रअंदाज़ कर दिया जाता है लेकिन अगर हम बड़ी ताक़तों की ओर से ईरान के राष्ट्रीय हितों को पहुंचने वाले नुक़सान के बारे में ईरानियों की सामूहिक याद्दाश्त को मद्देनज़र रखें तो अमरीकी दूतावास पर क़ब्ज़े का एक अलग नरेटिव सामने आएगा।
सवालः ईरानियों ने अमरीकी दूतावास को "जासूसी का अड्डा" क्यों कहा?
जवाबः ईरानी अवाम के आम इस्तेमाल में "जासूसी का अड्डा" की शब्दावली, उसी सामूहिक याद्दाश्त का नतीजा है, जो 1953 में अमरीका की ओर से ईरान के राष्ट्रीय आंदोलन के ख़िलाफ़ किए गए विद्रोह के बाद, वजूद में आयी थी। तत्कालीन ईरानी समाज अमरीकी दूतावास को मुसद्दिक़ की क़ानूनी सरकार के ख़िलाफ़ विद्रोह का गढ़ समझता था और उसका ख़याल था कि वहाँ से इस्लामी इंक़ेलाब और उसके नतीजे में स्थापित होने वाले राजनैतिक सिस्टम के ख़िलाफ़ भी उसी तरह के विद्रोह की तैयारी की जा रही है। दिलचस्प बात यह है कि "जासूसी का अड्डा" की शब्दावली अमरीकी दूतावास पर क़ब्ज़े से पहले प्रचलित हो चुकी थी। उन दिनों जब शासक रज़ा शाह अमरीका पहुंचा था और लोग अमरीकी दूतावास के सामने प्रदर्शन कर रहे थे तो अवाम के नारों में से एक नारा यह थाः "अमरीकी दूतावास, जासूसों का यह अड्डा, बंद होना चाहिए।" यह नारा और इस जैसे दूसरे नारे ईरानी समाज की उसी कल्पना और सामूहिक याद्दाश्त का प्रतिबिंबन करते थे, जिसे दूतावास के दस्तावेज़ों के सामने आने के बाद ज़्यादा बल मिला।
सवालः इंक़ेलाब के बाद दुश्मनी का आग़ाज़ हम ने किया था या अमरीकियों ने? क्या अमरीकियों के साथ हमारा मसला दूतावास पर क़ब्ज़े से शुरू हुआ?
जवाबः ईरानी और अमरीकी नरेटिव में जो अंतर नज़र आता है, उन में से एक यही है जिसकी ओर आपने इशारा किया, यानी ईरान और अमरीका के दरमियान दुश्मनी की शुरूआत किसने की और दोनों मुल्कों के आपसी संबंधों में मुश्किलें किसने पैदा कीं? जैसा कि मैं पहले अर्ज़ कर चुका हूं, अमरीकी दृष्टिकोण से लिखी गयी तहरीरों में मुख्य नरेटिव यह है कि ईरान ने तेहरान में अमरीकी दूतावास पर क़ब्ज़ा करके और अमरीकी कूटनयिकों को 444 दिनों तक बंधक बनाकर अमरीकियों को उत्तेजित किया। इस वाक़ए के दौरान दोनों मुल्कों के कूटनैतिक संबंध ख़त्म हो गए तथा ईरान और अमरीका के मसले कभी हल न हो सके और आज तक जारी हैं।
ईरानी पक्ष अमरीकी दूतावास पर क़ब्ज़े को एक रिएक्शन और एहतियात के तौर पर की गयी पूर्व कार्रवाई समझता है, जिसका लक्ष्य ईरान के आंतरिक मामलों में अमरीका के हस्तक्षेप और ईरानी इंक़ेलाब के ख़िलाफ़ उसकी हरकतों को रोकना था। ईरानियों को इस बात की चिंता थी कि तेल के राष्ट्रीयकरण के बाद 1953 जैसा विद्रोह दोहराया जाएगा और संयोग से बाद में अमरीकी दूतावास से मिलने वाले दस्तावेज़ों ने भी इस चिंता की पुष्टि की। अलबत्ता अमरीकी हस्तक्षेप का एक भाग कोई ढकी छिपी बात नहीं थी। मिसाल के तौर पर अमरीकी सिनेट का ईरानी विरोधी प्रस्ताव, जो सिनेटर जैकब जेविट्स की कोशिशों से मई 1979 में पारित हुआ, ईरानियों की नज़र में ईरान के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप था। यहाँ तक कि अंतरिम सरकार के विदेश मंत्रालय ने भी इस प्रस्ताव पर एतेराज़ किया था। इसी तरह शाह को पनाह देना और उसे अमरीकी सरज़मीन में दाख़िल होने की इजाज़त देना, इस्लामी गणराज्य ईरान के साथ दुश्मनी के सिवा किसी और मानी में समझा नहीं जा सकता था। दिलचस्प बात यह है कि अमरीका ने ईरान के उस शाह को पनाह दी जो मुल्क से फ़रार हो चुका था और जिसे ईरानी अवाम वापस लाकर उसके ख़िलाफ़ मुक़द्मा चलाना चाहते थे लेकिन उसके बरख़िलाफ़ वेनेज़ोएला के क़ानूनी राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का उनके राष्ट्रपति रहते हुए अपहरण कर लेता है! ईरान के तटों के क़रीब अमरीकी फ़ाइटर जेट्स की मौजूदगी भी ख़तरे के इस एहसास को बढ़ा रही थी।
यह वह स्पष्ट चीज़ें थीं जिन्हें ईरानियों ने दूतावास पर क़ब्ज़े से पहले देखा था और जिनकी वजह से वह अमरीकियों से ख़तरा महसूस करते थे। फिर भी कुछ गुप्त हरकतें जारी थीं जिनके बारे में ईरानियों को पता नहीं था और उन्हें अमरीकी दूतावास के दस्तावेज़, ख़ास तौर पर सीआईए के दस्तावेज़ों के सामने आने के बाद उनका पता चला। बाद में ये दस्तावेज़ इस बात का सुबूत बने कि अमरीकी दूतावास पर क़ब्ज़े ने ईरान में सीआईए के अफ़सरों की साज़िशों को व्यावहारिक होने से रोक दिया था। मिसाल के तौर पर ईरान में सीआईए की उन गुप्त करतूतों में से एक "मध्यमार्गी" गुटों पर आधारित एक घटक बनाना था। सीआईए उन गुटों को, जो ईरान में अमरीकी हितों की रक्षा से सहमत थे, आयतुल्लाह शरीअतमदारी के मातहत इकट्ठा करने की कोशिश कर रही थी ताकि आयतुल्लाह ख़ुमैनी और उनका अनुसरण करने वाले गिरोहों यानी उनकी नज़र में "अतिवादियों" को पीछे ढकेल कर सत्ता अपने हाथ में ले सके। सीआईए के रोल और पूंजीनिवेश के बिना यह राजनैतिक घटक कभी वजूद में नहीं आ सकता था। इन हस्तक्षेपों की एक और मिसाल अंतरिम सरकार के फ़ैसलों को प्रभावित करना था जो अंतरिम सरकार में सीआईए के एक एजेंट अब्बास अमीर इंतेज़ाम के ज़रिए होता था। इस एजेंट के ज़रिए मुख़्तलिफ़ साज़िशों को व्यावहारिक बनाने की कोशिश की गयी, जिनमें सब से अहम पूर्वोत्तरी ईरान में सोवियत संघ के ख़िलाफ़ टैक्समैन (TACKSMAN) इलेक्ट्रॉनिक निगरानी के अड्डों को दोबारा खोलना था। एक और मिसाल फ़ौज के भीतर बड़ी तादाद में सीआईए के एजेंटों की भर्ती थी, जिसका आग़ाज़ फ़रवरी 1979 में हुआ और नवम्बर 1979 में दूतावास पर क़ब्ज़े तक जारी था। ये सैन्य कर्मचारी ऐसे लोग नहीं थे जिन्हें संवेदनशील सूचनाओं तक पहुंच हासिल हो, बल्कि ऑप्रेश्नल सिपाही भी शामिल थे, मिसाल के तौर पर कोबरा हेलीकॉप्टर बटालियन का कमांडर यहाँ तक कि एफ़-14 फ़ाइटेर जेट का पायलट भी। एक अहम दस्तावेज़ में तेहरान में सीआईए के इनचार्ज टॉम अहर्न ने सीआईए के डायरेक्टर स्टैंसफ़ील्ड टर्नर को ख़त लिख कर बताया कि फ़िलहाल फ़ौज अपना अनुशासन बहाल नहीं कर पायी है और जब तक फ़ौज दोबारा सुव्यवस्थित नहीं हो जाती, हम कुछ नहीं कर सकते। यह और इस जैसी दूसरी मिसालें बताती हैं कि अगर हम 1953 के विद्रोह को भी एक तरफ़ रख दें तब भी अमरीकियों ने दूतावास पर क़ब्ज़े से पहले ही अपनी शत्रुतापूर्ण हरकतें शुरू कर दी थीं और नवम्बर 1979 का वाक़ेया उन करतूतों और हस्तक्षेप पर एक रिएक्शन था।
सवालः समझौतों और वार्ता में इतना वक़्त क्यों लगा? क्या हम वाक़ई बंधकों की रिहाई की सहमति न होने के लिए ज़िम्मेदार थे, जैसा कि आज कल हम पर वार्ता को विफल करने का इल्ज़ाम लगाया जाता है?
जवाबः बंधकों की रिहाई की वार्ता के लंबा खिंचने के मुख़्तलिफ़ कारण थे, जिन्हें मैंने किताब में तफ़सील से बयान किया है लेकिन अगर संक्षेप में बयान करूं तो इस प्रक्रिया के लंबा खिंचने की एक बड़ी वजह इंक़ेलाब के बाद मुल्क के सरकारी विभागों का गठन न हो पाना था। यहाँ ख़ास तौर पर मेरी मुराद संसद का गठन है, जिस पर इमाम ख़ुमैनी के निर्देशों के मुताबिक़ पहले चरण में बंधकों की रिहाई के लिए निर्देश और शर्तें मंज़ूर करने की ज़िम्मेदारी थी। इस दौरान संसद के गठन और उसके काम का आग़ाज़ करने की प्रक्रिया में कुछ वक़्त लग गया। वार्ता लंबा खिंचने और ऐसे त्रुटिपूर्ण समझौते होने की एक और वजह, जिन्हें व्यावहारिक बनाना मुमकिन नहीं था, यह थी कि कुछ शख़्सियतें वार्ता को पार्टी हित में इस्तेमाल करना चाहती थीं। जैसा कि मैंने व्याख्या की है, कुछ राजनैतिक शख़्सियतें कोशिश कर रही थीं कि वार्ता में किसी न किसी तरह अपना रोल अदा करके अपने व्यक्तिगत और दलगत हित हासिल करें। दूसरे शब्दों में सन 1980 में ईरान और अमरीका के दरमियान वार्ता, ईरान के राजनैतिक माहौल में व्यक्तिगत और दलगत हितों को हासिल करने का साधन बन गयी थीं और कुछ राजनेता इस मामले के हल को ईरान के राजनैतिक परिदृष्य में अपनी ताक़त बढ़ाने का पर्याय समझते थे। हेमिल्टन जॉर्डन के साथ सादिक़ क़ुतुबज़ादे की ख़ुफ़िया बातचीत इसकी एक मिसाल है। अलबत्ता अमरीका में भी यही स्थिति है। बहुत से अमरीकी राजनेताओं के नज़दीक ईरान के मसले का हल, चुनावी मुक़ाबले में बढ़त हासिल करने का साधन बन सकता और दूसरी ओर ईरान के मामले में प्रतिस्पर्धी पार्टी की नाकामी को उसके ख़िलाफ़ इस्तेमाल करके उसे पराजित किया जा सकता है।
सवालः क्या पश्चिम और अमरीका के पढ़े लिखे हल्क़ों में आपके नरेटिव को स्थान मिला है या वह एकपक्षीय नरेटिव पर अड़े हुए हैं? क्या किसी प्रतिष्ठित प्रकाशन केन्द्र या मीडिया ने आपके नरेटिव पर ध्यान दिया है? अगर नहीं तो क्यों?
जवाबः दुर्भाग्य से अमरीकी दूतावास पर क़ब्ज़े के वाक़ए के बारे में ईरानी नरेटिव पश्चिम के इल्मी हल्क़ों में ज़्यादा स्थान नहीं बना पाया। इस मसले के अनेक कारण हैं, जिनमें से कुछ का संबंध पश्चिमी मुल्कों से है और कुछ का ईरानियों से। पश्चिमी मुल्कों से संबंधित वजह पश्चिमी ताक़त और मीडिया का प्रभाव है जो हमारे इल्म पर प्रभाव डाल सकता है। इस विषय की एडवर्ड सईद की किताब "Covering Islam" में अच्छी तरह व्याख्या की गयी है कि पश्चिमी मीडिया और यूनिवर्सिटियों ने अमरीकी दूतावास पर क़ब्ज़े के वाक़ये को किस तरह चित्रित किया तथा ईरान और अमरीका के संबंधों के बारे में किस तरह हमारी मानसिकता बनायी। फिर भी यह पूरी कहानी नहीं है। इसकी एक और वजह जो मेरे ख़याल में किसी भी तरह कम अहम नहीं है, ख़ुद ईरानियों से संबंधित है। अमरीकियों में एक फ़ायदेमंद आदत यह है कि वह दैनिक सरगर्मियों का ब्योरा तैयार करते और डायरी लिखते हैं और इसी परम्परा ने उनके अपने नरेटिव को मज़बूत करने में बहुत मदद दी है। दूतावास पर क़ब्ज़े के इसी वाक़ये में अमरीकी सरकार के क़रीब सभी अहम किरदारों ने जिन में जिमी कार्टर, सायरस वेनिस, स्टेंन्ज़ फ़ील्ड टर्नर, हेरल्ड ब्राउन, हेमिल्टन जॉर्डन और दूसरे लोगों ने अपना रोज़नामचा या कम से कम अपनी डायरियां प्रकाशित की हैं, जो रिसर्च के लिए बुनियादी स्रोत हैं। इसी तरह बहुत से बंधकों ने भी अपनी डायरियों पर आधारित किताबें लिख कर छपवायी हैं। अमरीकी विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के सरकारी दस्तावेज़ भी बहुत हद तक रिसर्च करने वालों की पहुंच में हैं लेकिन इसके विपरीत हमारे पास ईरानी किरदारों के रोज़नामचे और डायरियां ज़्यादा तादाद में मौजूद नहीं हैं, जिसकी वजह से ईरानियों के नरेटिव को हासिल करना मुश्किल हो जाता है। इससे भी अहम बात यह है कि यही सीमित स्रोत भी ज़्यादातर फ़ारसी ज़बान में हैं और पश्चिमी रिसर्च स्कॉलर के लिए, जो फ़ारसी नहीं जानते, उपयोगी नहीं हैं। अलबत्ता कुछ किताबें अंग्रेज़ी में भी छपी हैं। मिसाल के तौर इमाम ख़ुमैनी के अनुयायी स्टूडेंट्स में से एक मासूमा इबतेकार की डायरी पर आधारित किताब अंग्रेज़ी में इस शीर्षक के तहत "Takeover in Tehran: The Inside Story of the 1979 U.S. Embassy Capture" छपी है लेकिन अंतर्राष्ट्रीय रिसर्च स्कॉलर्ज़ की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए ऐसी चंद किताबें काफ़ी नहीं हैं।
सवालः शहीद रहबर ने आपकी किताब पर ख़ास तौर ध्यान क्यों दिया?
जवाबः मेरे ख़याल में इस सवाल का सबसे स्पष्ट जवाब उनके रिव्यू में ढूंढना चाहिए। वो रिसर्च के मैदान को मीडिया वॉर और नरेटिव की जंग के अहम मैदानों में से एक समझते थे और उनका ख़याल था कि इस क्षेत्र में भरपूर काम करने की ज़रूरत है। यह वही बात है जिसकी तरफ़ मैंने इससे पहले एडवर्ड सईद की किताब "Covering Islam" के हवाले से इशारा किया था। सईद का मानना था कि बड़ी ताक़तें समाजों में इल्म और पहचान पैदा करने के लिए यूनिवर्सिटियों के शोध और मीडिया प्रोपैगंडे को इस्तेमाल करती हैं। इस्लामी इंक़ेलाब के शहीद रहबर आयतुल्लाह ख़ामेनेई का भी ख़याल था कि "नरेटिव की जंग" "विश्व स्तर पर संघर्ष" का एक अहम मोर्चा है, जिसके ज़रिए तथ्यों को बदल कर पेश किया जाता है। इसके बावजूद हमारे मीडिया के क्षेत्र में नज़र आने वाले बहुत से शून्य हैं जिन्हें भरना ज़रूरी है। मेरी राय में शहीद रहबर के विशेष ध्यान से पता चलता है कि हमें आर्ट्स के विषयों में ज़्यादा और गहरे शोध की बहुत ज़रूरत है और ये शोध ताक़त पैदा कर सकते हैं।